Friday, March 11, 2022

हरसुख लाल लोहिया

अशोक मधुप किसी के यहां बेटी की शादी हो। बारात घर पर आई हुई हो, ऐसी हालत में क्या कोई बारात के लिए तैयार खाना किसी अनजान व्यक्तियों को खिला सकता है। कल्पना भी नहीं होती, किंतु एक भामाशाह ने ऐसा किया। 1857 की क्रांति के समय उनके शहर से अंग्रेज फोज के विद्रोही जवान की टुकड़ी जा रही था।उन्हें पता चला। घर से भागकर शहर के बाहर सड़क पर पंहुचे।इन जवानों को रोका । अपने साथ घर चल कर भोजन करने का आग्रह किया।उन सबको सम्मान के साथ अपनी हवेली लिवा लाए। बारातियों को समझा कर खाना खाने से रोका। कहा−यह आजादी के दीवाने हैं। पता नही कब से इन्हें अच्छा भोजन नही मिला।आप भोजन बाद में खा लेना। पहले इन्हें खा लेने दो। अब तो सब व्यवस्थाएं सरलता से हो जाती हैं। एक बात 1857 की उस समय की है ,जब शादी व्याह के लिए एक −एक छोटा मोटा सामान सब परिवार को एकत्र करना पड़ता था ।ये घटना है उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद के धामपुर नगर की। 1857 की क्रांति के समय उत्तर प्रदेश के धामपुर (बिजनौर)के सेठ हरसुख राय लोहिया हुए हैं।इस जंग ए आजादी के दौरान इनकी बेटी की शादी थी।बारात आई हुई थी।इनकी हवेली में बारात के खाने का प्रबंध था।शानदार व्यवस्था थी।तरह- तरह के भोजन औऱ मिठाई बनी थीं। इन्हें पता चला कि अंग्रेज सेना के भारतीय जवानों का एक दल विद्रोह करके रुड़की से बरेली जा रहा है। शहर से गुजर रहे आजादी के मस्तानों को इन्होंने हाथ जोड़कर रोक लिया।अपनी हवेली ले आये।सबसे कहा- भोजन करो।पता नही कबसे ठीक से खाना नहीं मिला होगा।बारातियों को भी हाथ जोड़ें।कहा -कुछ देर रुक जाए।इनके बाद आप जीम लेना। ये नजारा देख बाराती भी क्रांतिकारी जवानों की सेवा में लग गये। कोई दाल परोसने लगा।कोई चावल। कोई मिठाई देने में लग गया।सूचना पर शहरवासी भागकर इनकी हवेली आने लगे। वह भी ये नजारा देखकर भाव विभोर हो गए। वे सब भी इन क्रांतिकारियों की सेवा श्रुवा में लग गए।शहरवासी भी जवानों के लिए अपने घर से कुछ न कुछ लेकर आये।काफी राशन एकत्र करके इन्हें सौंपा।ताकि इन्हें रास्ते में भोजन की कमी न रहे। इन वीरों का बारात से बड़ा स्वागत हुआ।क्या नजारा होगा। ऐसे देशभक्त भामाशाह हरसुख राय लोहिया को आज धामपुर में कोई जानता भी।धामपुर में पूरा लोहियों का मुहल्ला है लोहियान। किसी को कुछ पता नहीं।हो सकता है अंग्रेजों ने पूरे परिवार का कत्ल कर दिया हो। 1857 की क्रांति के समय बिजनौर में तैनात रहे सदर अमीन सर सैयद ने उस समय की घटनाओं की डायरी लिखी। नाम दिया सरकशे बिजनौर। वे कहते हैं कि सैपर्स एंड माइनर्स की एक कंपनी के तीन सौ जवान विद्रोही हो गए।इन्हें सहारनपुर में कमांडर-इन-चीफ के शिविर में शामिल होने के लिए भेजा गया था, पर ये रुड़की लौट आई। वहां से बरेली के लिए चले। 20 मई को इन्होंने नजीबाबाद में नवाब महमूद को बागवत के लिए तैयार किया।खुद बरेली के लिए निकल गए। विभिन्न सूत्रों से मिल रही सूचनाओं से नगीना प्रशासन सचेत था। तहसील कार्यालय का दरवाजा बंद था, लेकिन खिड़की खुली रह गई। अचानक तीन सिपाही खिड़की के रास्ते तहसील कार्यालय में घुसे । तहसीलदार से सामान की मांग की। इसी दौरान कई अन्य जवानों ने तहसील कार्यालय में घुसकर तहसीलदार को संगीनों से घेर लिया। उसे जबरदस्ती दरबार की इमारत में ले गए। उन्होंने बंदूक की बटमार कर संदूक तोड़ दिए और खजाने को लूटने के लिए ताला तोड़ दिया। इस दौरान तहसीलदार व पुलिस उपायुक्त एक घर में छिपने के लिए फरार हो गए। जब सिपाही उनके पीछे आए, तो वे थोड़े समय के लिए शहर से चले गए। बादमें वे दूसरे रास्ते से दूसरे स्थान पर छिपने के लिए वापस आ गए। उन्होंने कलेक्टर को रिपोर्ट भेजी है। तहसीलदार के प्रभाव को लूटने और बाजार में तोड़फोड़ करने के लिए शहर के कई शरारती सैनिकों में शामिल हो गए थे। इन्होंने एक बहुत धनी व्यक्ति भगीरथ को भी लूट लिया। । इन्होंने तहसील में खजाने में जमा 10344 रूपये और 14 आना लूट लिए। नगीना के बाद सैपर एंड माइनर कंपनी के सोल्जर्स धामपुर पंहुचे।उसकी खबर पहले धामपुर पहुंच चुकी थी। तहसीलदार ने अपना कार्यालय बंद कर दिया था, जबकि उसके आदमी अंदर अलर्ट पर थे। सर सैयद कहतें हैं कि गनीमत यह भी रही कि आज ही के दिन हर सुख राय लोहिया के घर लड़की की बारात आई हुई थी। उसने बारात के लिए तैयार खाना उत्तम मिठाइयाँ इन जवानों को बड़े प्यार से खिलाईं। । नगरवासियों ने उन्हें राशन भी दिया। सैनिकों ने वहां कोई परेशानी नहीं की और मुरादाबाद के लिए रवाना हो गए। सर सैयद ने यह नही लिखा कि अंग्रेजों ने वापास जनपद पर कब्जा करने के बाद हरसुख लाला लोहिया पर क्या कार्र्वाई की। जबकि विद्रोही जवानों को भोजन कराना बड़ा अपराध था। धामपुर के रहने वालों ने भी इस महान आत्मा का पता लगाने का प्रयास नही किया कि उनका क्या हुआॽ हो सकता है कि अग्रेज ने इन्हें फांसी दे दी हो। अंग्रेज के जिले पर कब्जा होने के बाद सरकारी जुल्म के डर से ये ही शहर छोड़कर चले गए हों। अशोक मधुप (लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं)

Thursday, March 10, 2022

आपरेशन गंगा और सीनियर सिटीजन का अहसास

−−−−−− यूक्रेन में फंसे छात्रों में 18400 आसपास भारतीय छात्र अब तक स्वदेश वापिस आ गए। उम्मीद है कि वहां बचे बाकी भारतीय छात्र भी जल्दी ही वापिस आ जाएंगे।भारत ने यूक्रेन में पढ़ने वाले भारतीय छात्रों को वापिस लाने के अभियान को आपरेशन गंगा नाम दिया। यूक्रेन से भारतीयों को निकालने के अभियान की मानीटरिंग स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की। उन्होंने इसमें केंद्र के चार मंत्रियों को लगाया गया। यूक्रेन की सीमा से सटे चार देश और 19 हजार के आसपास भारतीय छात्रों को सुरक्षित निकालना देश के सामने एक बड़ी चुनौती थी । इन मंत्रियों को इन चार अलग− अलग देशों में भेजा गया ताकि वह वहां की सरकार से समन्वय बनाकर सही से आपरेशन को कामयाब कर सकें। इन सबकी मेहनत , मिला −जुला प्रयास रंग लाया। 22 फरवरी, 2022 को अभियान प्रारंभ हुआ। अब तक 18400 के लगभग छात्र यूक्रेन से लाए गए। इस अभियान में वायुसेना को भी लगाया गया। सूमी में फंसे 680 वे छात्र भी बसों से लेकर सीमा तक ले आये गए जो वीडियो जारी कर उन्हें न निकालने के लिए भारतीय दुतावास को जिम्मेदार बता रहे थे। वह कह रहे थे कि उन्हें कुछ हो गया तो यूक्रेन का भारतीय दूतावास जिम्मेदार होगा।इसी दूतावास ने उन्हें निकालने की जिम्मेदारी उठाई , जिसे ये कोस रहे थे। वैसे तो यूक्रेन में कई देशों के नागरिक फंसे हैं ,लेकिन अपने लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए भारत ने दुनिया का सबसे तेज ऑपरेशन चलाया।अपने नागरिक और वहां फंसे छात्रों को बाहर निकाला। आपरेशन की कामयाबी यह है कि युद्ध के बीच ये छात्र सुरक्षित देश लौटे। एक छात्र का ही जान गवांनी पड़ी। इस अभियान की खास बात यह रहीं कि युद्धरत रूस और यूक्रेन ने तिरंगा लगी बसों को सेफ पैसेज दिया गया। खबर तो यहां तक आई कि भारतीयों की सुरक्षित निकासी के लिए रूसी सेना की तरफ से छह घंटे हमले भी रोक दिए गए थे। इस अभियान की खास बात यह है कि भारत सरकार ऑपरेशन का पूरा खर्च खुद वहन कर रही है। छात्रों को यूक्रेन से निकालकर लाने, दूसरे सीमावर्ती देश में उनके रहने और खाने आदि की व्यवस्था करना सरल काम नही था, किंतु केंद्र सरकार के दृढ़ संकल्प के कारण यह हो सका। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि यूक्रेन में फंसे एक− ए छात्र को निकालकर लाया जाएगा। एक छात्र के भी यूक्रेन में रहने तक आपरेशन जारी रहेगा। इस आपरेशन और भारत सरकार की कार्रवाई की पूरी दुनिया में तारीफ हो रही है। पर यूक्रेन में पढ़ने गए छात्र और उनके अभिभावकों के बयान पीड़ादायक रहे। एक छात्रा की मांग थी कि उसे मुंबई से दिल्ली अपने पैसे से आना पड़ा। सरकार यह पैसा उसे दे, क्योंकि यह छात्रों को निशुल्क लाने का दावाकर रही है। एक अभिभावक ने कहा कि उसने 50 लाख रूपये कर्ज लेकर बेटे को पढ़ने भेजा था, अब क्या होगा। उनका मन्तव्य रहा कि सरकार यह पैसा भी उसे दे। किसी की शर्त थी, कि वह भारत आएगा तो अपने पालतू कुत्ते के साथ तो किसी की जिद थी कि उसे अपनी पालतू बिल्ली लेकर प्लेन में नहीं आने दिया जा रहा। आज सुबह मैं रोज की तरह घूमने पार्क में पहुंचा तो वहां कुछ सीनियर सिटीजन में रोज की तरह जोरदार बहस चल रही थी। आज का बहस का मुद्दा भारत सरकार का आपरेशन गंगा ही था।एक का कहना था कि भारत के नागरिक हैं , विपरीत परिस्थिति में उन्हें वापस लाने की जिम्मेदारी देश ही है, किंतु देश उनके आने और आने की व्यवस्था का खर्च क्यों उठाए। ये छात्र वहां समाज सेवा करने नहीं गए थे। वहां से लौटकर भी समाज सेवा नहीं करेंगे। योग्य भी नही थे। योग्य होते तो देश के मेडिकल काँलेजों में प्रवेश मिल जाता। मां बाप ने पैसे के बल पर उन्हें यूक्रेन डाक्टर बनाने भेजा था।अब वहां से उल्टी −सीधी डाक्टरी पढ़कर अपना अस्पताल चलांएगे।मरीज देखने की मोटी फीस लेंगे। अपने मोटे कमीशन के लिए उल्टे −सीधे टैस्ट करांएगे । दवाई भी कमीशन वाली लिखेंगे। जिस तरह से बस चलेगा मरीज के परिवार को लूटेंगे।इनपर क्यों सरकारी पैसा लुटाया जा रहा हैॽ एक का कहना था कि ये पैसा देश के टैक्स पैयर ( टैक्स देने वाले नागरिक )का है। सरकार का नही कि खैरात बांट दे । ये कहीं और देश की जरूरत पर लगाया जा सकता था । एक अन्य की राय थी कि आज चीन के आक्रामक रूख को देखते हुए सेना के संसाधान बढाने,उसे आधुनिक शास्त्रों की खरीद पर खर्च होना चाहिए था।फालतू के लिए टैक्सदाताओं की खून पसीने की कमाई का खरबों रूपया इन पर बर्बाद कर दिया। एक ने कहा कि यह तो जीवन के खतरे हैं। चुरू का एक व्यापारी छह माह पूर्व आठ लाख रूपये लेकर यूक्रेन गया था। युद्ध के हालात में सब छोड़कर भागना पडा, फिर तो सरकार उसके भी नुकसान की भरपाई करे।एक अन्य ने यूक्रेन से भारत लौटी उसे बेटी के अभिभावकों की प्रशंसा की जिन्होंने बेटी के भारत आने पर उसके के किराये के 32 हजार रूपया प्रधानमंत्री और मुख्य मंत्री कोष में जमाकर दिया। बहस में शामिल सबने इस बिटिया के अभिभावकों की प्रशंसा की। उनके लिए ताली बजाईं।कहा कि अन्य छात्र− छात्राओं के अभिभावकों को इस तरह की जिम्मेदारी का परिचय देना चाहिए। एक व्यक्ति ने इसी को लेकर वायरल हो रहा एक युवती का वीडियो सबको सुनाया।इसमें भी कुछ ऐसा ही है कहा गया जो आज बहस में कहा जा रहा था।सबने इस वीडियो की तारीफ की। सबने इन छात्र और अभिभावकों के रवैये की आलोचना की ।मांग की कि सरकार इन छात्रों पर व्यय हुआ पैसा इनके परिवार से वसूल करें। देर होती देख मैंने बहस बीच में ही छोड़ खिसकना बेहतर समझा।वैसे इन सीनियर सिटीजन की बात मुझे तो सही सी लगी,आप क्या महसूस करते हैं ये आप पर निर्भर हैॽ अशोक मधुप (लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं) %%% ये मेरा लेखा10 मार्च् के देश रोजाना और 9 मार्च के प्रभासाक्षाी ने प्रकाशाित किया।

Wednesday, February 2, 2022

कनाड़ा के ट्रक चालक और भारत के किसान आंदोलन की समानता


कनाडा के ट्रक चालक और दिल्ली के किसान आंदोलन में काफी कुछ एक जैसा ही है। ये  ट्रक चालक अपने – अपने ट्रक लेकर कनाडा की राजधानी ओटावा आए हैं। भारत में किसान अपने ट्रेक्टर लेकर दिल्ली पर चढ़ने के इरादे से आए थे। किसान भी लंबे समय रूकने के लिए खाने −पीने का सामान लेकर आए और एक साल रूके। ये ट्रक चालक  भी रूकने की तैयारी के साथ आए हैं। 

कनाडा में पचास हजार के आसपास ट्रक चालकों ने  प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो  का निवास शनिवार को घेर  लिया। वे अपने ट्रक साथ लिए हुए है। ये ट्रक चालक अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन  कर रहे हैं।  नारे लगा रहे हैं। वाहनों के हाँर्न बजा रहे हैं।ये लंबे समय के  प्रवास के इरादे से खाने −पीने का सामान लेकर राजधानी आए हैं।  हालत इतनी खराब है कि   राजधानी ओटावा के चारों और सत्तर मील तक   जाम लगा हुआ है। शहरवासी परेशान है।  ट्रक  चालकों ने अपने करीब 70 किमी लंबे काफिले को 'फ्रीडम कान्वॉइ' नाम दिया है। ट्रक वाले कनाडा के झंडे के साथ 'आजादी' की मांग वाले झंडे लहरा रहे हैं। वे पीएम ट्रूडो के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं।  आंदोलन को हजारों अन्य प्रदर्शनकारियों का भी साथ मिल रहा है।सड़कों पर हजारों की संख्या में बड़े-बड़े ट्रकों की आवाजें लगातार सुनाई दे रही हैं । ये  ड्राइवर ट्रकों के  हॉर्न लगातार बजाकर सरकार का विरोध कर रहे हैं। वे संसद के पास पहुंच गए हैं।हालत इतनी खराब  है कि कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो  और उनके  परिवार ने   भारी विरोध प्रदर्शन की वजह से देश की राजधानी स्थित अपने आवास को छोड़ दिया है। वे किसी गुप्त स्थान पर जाकर छिप गए हैं।

 ये ट्रक चालक कोरोना वैक्सीन जनादेश और अन्य सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रतिबंधों को समाप्त करने का  विरोध कर रहे हैं।  बताया जा रहा है कि यह एक जगह पर ट्रकों का दुनिया का सबसे बड़ा जमावड़ा है। खबरें के मुताबिक पूरे कनाडा से करीब एक सप्‍ताह की लंबी यात्रा करने के बाद ये विशालकाय ट्रक राजधानी ओटावा पहुंचे हैं। प्रदर्शन के आयोजकों ने जोर देकर कहा है कि यह आंदोलन शांतिपूर्ण होगा ,पर  इतनी भीड़ के सामने पुलिस लाचार नजर आ रही है।पुलिस ने कहा है कि वे इस संकट के लिए तैयार नहीं हैं।
 ट्रक चालकों में गुस्सा इस बात का भी है कि कुछ दिन पहले कनाडाई पीएम ने एक  बयान में ट्रक वालों को 'महत्व नहीं रखने वाले अल्पसंख्यक' करार दिया था। पीएम ट्रूडो ने कहा है कि ट्रक वाले विज्ञान के विरोधी हैं। वे न केवल खुद के लिए बल्कि कनाडा के अन्य लोगों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं।शहर में स्थिति गंभीर हो गई है। आलम यह है कि ओटावा जाने वाले रास्ते पर ट्रकों की 70 किमी तक लंबी कतार लग गई है जिसके कारण अन्य यात्रियों को भी आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

लगता है कि कनाडा सरकार ने इस आंदोलन को गंभीरता से  नही लिया।एक सप्ताह पूर्व चले आंदोलनकारियों  के ट्रक राजधानी से पूर्व रोकने की व्यवस्था नही की गई।  आंदोलन की गंभीरता नही समझी गई। काश सरकार पहले से सचेत होती तो हालात इतन खराब न होते।


अभी एक साल पूर्व भारत में भी ऐसा ही प्रदर्शन हुआ था। पंजाब − हरियाणा और उत्तर प्रदेश के किसान दिल्ली के रास्तों पर धरना  देकर बैठ गए थे। वे इस धरने के लिए अपने वाहन ट्रेक्टर आदि साथ लाए थे। लंबे समय रूकने के लिए उन्होंने यहां तंबू लगाए। स्टेज बनाई।   खाने पीने की सारी व्यवस्थाएं की।  उनकी सेवा के लिए समाजसेवी संगठन उतर  आए। उन्होंने आंदोलन स्थलों पर जनसुविधांए  उपलब्ध करांई। चिकित्सा शिविर शुरू हो गए। भोजन के लिए भंडारें और लंगर शुरू हो गए। ये आंदोलन करीब एक साल चला।  जब दिल्ली आंदोलन से जूझ रहा था ,उस  समय  केनेडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो    इन किसानों का समर्थन कर रहे थे। किसान दिल्ली का आवागमन तो  पूरी तरह नही रोक सके ,  पर  इनके धरना स्थल से पहले से दिल्ली आने वालों को लंबा रास्ता तैकर आना पड़ा।  काफी परेशानी उठानी पड़ी।

किसानों ने कई बार दिल्ली में प्रवेश की कोशिश की किंतु सरकार ने अनुमति नही दी। रास्तों पर बाढ़ लगादी।इस आंदोलन के दौरान लालकिले जैसी कुछ अप्रिय घटनांए भी हुईं।      हालत यह हुई कि केंद्र को किसानों की मांग माननी पड़ीं । तीनों कृषि कानून  वापिस लेने पड़े । तीनों कृषि कानून  वापसी की घोषणा  खुद प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को राष्ट्र के नाम संबोधन में करनी पड़ी थी। । कनाडा के इस आंदोलन के हालात  बता रहे हैं कि वहां के हालात किसान आंदोलन से ज्यादा खतरनाक  हैं। भारत सरकार ने किसानों को दिल्ली  बार्डर से आगे नही आना दिया था, जबकि कनाड़ा में ये आंदोलनकारी शहर में दाखिल होकर संसद के पास पंहुच गए हैं। हालत इतने खराब हैं कि वहां के प्रधान मंत्री   को परिवार सहित किसी गुप्त स्थान पर जाकर छिपना पड़ा है।

कनेड़ा और दिल्ली के  आंदोलन से सीख लेने की बात यह है कि अब दुनिया को अब ऐसी योजना  बनानी होगी कि आगे से राजधानी का घेराव  न हो। क्योंकि सरकार को झुकाने के इरादे से ऐसे आंदोलन आगे भी होंगे। अन्य देश में भी होंगे।  कोई भी संगठन किसी भी देश के केंद्र की राजधानी के मार्ग  कभी भी रोक सकता है।  राजधानी की आवाजाही बदं कर रसद आदि का आपूर्ति बंद कर सरकारों को मांग मानने को मजबूर कर सकता है। इसलिए केंद्र की राजधानी के विकेंद्रीयकरण पर भी विचार किया जाना चाहिए। देश की राजधानी उसके कार्यालय एक शहर में न बनाकर अलग −अलग जगहों पर बनाए  जाएं।

 महाभारत  में समझौते के लिए कौरवों के पास कृष्ण गए थे। उन्होंने मांग की थी कि पांडव को पांच  गांव दे दिए जांए।  उन्होंने गांव के नाम भी बताए थे। इस प्रस्ताव को  दुर्योधन ने यह कह कर अस्वीकार कर दिया था कि ये  पांच गांव मेरी राजधानी के चारों और हैं। आप जब चाहोंगे तक  मेरे राज्य के रास्ते बदं कर दोगे । मुझे बिना लड़े ही हथियार डालने पर मजबूर कर दोगे। ऐसा ही प्राचीन काल में सुरक्षा के लिए बने किलों के साथ होता था। दुश्मन किले के आपूर्ति के रास्ते बंद कर देता था। मजबूरन बड़े से बड़े मजबूत किले के राजा को शस्त्र डालने पड़ते थे।युद्ध की स्थिति में भी दुश्मन देश हमला करके  एक बार में एक जगह स्थित राजधानी का सब कुछ खत्म कर सकता है। इस  सबको  रोकने के लिए राजधानी के विकेंद्रीकरण पर सोचना होगा। सोचना होगा कि ऐसे आंदोलन में व्यवस्थाएं ठप्प  न हो जांए।

वैसे भी दिल्ली अब राजधानी के लिए उपयुक्त नही लगती । क्योंकि ये देश के बीच में स्थित नहीं हैं। दिल्ली  जब राजधानी बनी थी। अब पाकिस्तान नहीं था। तिब्बत भारत का हिस्सा था। नेपाल भारत का छोटा भाई जैसा था । अब उसकी चीन के साथ नजदीकियां बढ़ रही हैं।  इन सब हालात को

 देखते  हुए  राजधानी के  लिए नए सिरे से विचार करना होगा।

अमेरिका दो बार अपनी राजधानी बदल चुका है। हालात को समझ

ते हुए हमेंं भी राजधानी बनाने के लिए नई  जगह तलाशनी होगी।

अशोक मधुप

(लेखक  वरिष्ठ पत्रकार हैं)

राजस्थान से आए राजपूतों ने नहटौर

राजस्थान से आए राजपूतों ने बसाया नहटौर

राजस्थान से आए राजपूतों ने नहटौर को बसाया।जानी मानी पत्रकार और लेखिका कुर्रतुल ऐन हैदर अपनी पुस्तक कारें तहां दराज है, में कहती हैं कि नहटौर के त्यागी ब्राह्मणों के अनुसार उनके पुरखों ने मुसलमानों के आने से पहले राजपूत गृहयुद्धों के दौरान राजस्थान से अपना गांव त्यागकर  दिल्ली के नजदीक गांगन के किनारे एक नया ठौर बसाया था।यह बाद में नहटौर कहलाने लगा।

नहटौर के त्यागी ब्राह्मण परिवार के कुंवर ओंमेंद्र सिहं एडवोकेट  बताते हैं कि वे लोग रणथंभोर से आए।रणथंभोर किले पर अलाउद्दीन ने हमला किया। इस युद्ध में सर्वस्व होम की आंशका जान उनके पूर्वज उल्फतराय और एक  अन्य भाई को परिवार सहित  वहां से निकाल  दिया गया । कहा कि वंश बचा रहे,  इसलिए आप चले जाओ।

उत्फतराय ने  गांगन के किनारे के स्थान को उपयुक्त पाया। इसे उन्होंने नई ठौर (नया ठिकाना) नाम दिया। वे कहते है कि उनका

गोत्र मोनीष है। ये बिल्कुल ही अलग है।वे कहतें हैं कि वे ठाकुर हैं किंतु अपना स्थान त्यागने के कारण  त्यागी हो गए।वैसे वे राजा हमीर के वंशज हैं।

वे कहते हैं कि जब उनके पूर्वज उलफतराय नहटौर आए तो  उनकी कोठी की जगह उन्होंने डेरा डाला। कोठी के सामने उस समय गांगन बहती थी,  यह जगह उन्हें उपयुक्त लगी।नदी सामने थी। उन्होंने यहां रूकने का निर्णय लिए।यहीं छप्पर आदि डालकर रहने की व्यवस्था की। वे बताते हैं कि  दूसरे भाई ने तय किया कि जब तक हम अपने किले पर कब्जा नही करेंगे, घर में नहीं रहेंगे। वे बंजारे (बागडिए)हुए । ये सड़क किनारे रहकर लोहे का सामान बनाने का काम करते हैं। वे बताते हैं कि इस परिवार के कुछ लोग कुछ समय पहले उनके यहां आए थे।

कुंवर ओमेंद्र  सिंह बताते हैं कि उनके परिवार में उल्लू की पूजा होती है। वे बतातें हैं कि जहां उनका दीवान खाना है यहां कभी एक रात उल्लू आया। हमारी उस पीढ़ी की दादी ने उससे कहा कि हे उल्लू महाराज हम जैसे घर छोड़कर आएं हैं,  यदि वैसे ही हो जांए तो हमरें वंशवाले तुम्हारी पूजा करेंगे। उनके बाद मकान आदि बनने पर उल्लू की पूजा शुरू हो गई। वह अब तक जारी रही। अभी  एक पीढ़ी पहले पूजा बंद हुई। वैसे अब तक उल्लू उनके दीवान खाने में आता रहा। उसे पानी आदि की व्यवस्था की जाती थी। उल्लू की पूजा क्यों बंद हो गई,  वह ये नही बता पाते। वे कहते हैं कि वे राजपूत हैं किंतु त्यागियों में उनके शादी विवाह होते हैं।

वह बताते है कि हम जमींदार लोग हैं। खाने पीने के शौकीन।सैलानी रहे। अय्याशी की। वे साफगोई करते बतातें हैं कि उनके पूर्वजों ने  अंग्रेजों की गुलामी की ।इसी कारण खिताब लिए। औनरेरी मजिस्ट्रेट बने।

वह बताते हैं कि जब वह छोटे थे  तो पिताजी के साथ हाथी पर बैठकर जमींदारी में जाते थे।जिस गांव में जाते वहां उनके बैठने के लिए चारपाई डालकर दरी बिछा दी जाती।  पिताजी को के साथ− साथ उन्हें भी नजराना दिया जाता। पिताजी को नजराने में एक रूपया मिलता, तो उन्हें एक या दो पैसा।

 वे साफगोई में कहतें हैं कि लोग आते और उनके सामने बिछी दरी पर पैसा फेंकतें आगे  बढ़ जाते  जैसे आज हम फकीरों के सामने बिछे कपड़े पर डालते हैं।वे कहते हैं कि आज ख्याल  आता है, वह बड़ा अजीब सा  लगता है।

अशोक मधुप


Friday, January 21, 2022

कुरतुल एन हैदर का नहटौर

 जन्मदिन  पर विशेष 

कुरतुल एन हैदर का नहटौर

सूरदास का पद उधो मोही ब्रज बिसरे नाही ,उर्दू की प्रसिद्ध लेखिका कुर्तुलेन हैदर पर बिल्कुल सही बैठता है। ऐनी  आपा के नाम से प्रसिद्ध कुर्तुल एन हैदर पूरी दुनिया घूमी। लंदन रहीं।देश के बंटवारे के बाद  पाकिस्तान चली गईं।वहां भी रही पर उनका मन हिंदुस्तान और उसके बिजनौर जिले के कस्बे नहटौर में भटकता रहा।

मुंबई रही या नोयड़ा उनके दिल से नहटौर एक पल  के लिए भी नहीं गया।उन्होंने अपने नाविल कारे जहां दराज है ,में अपने परिवार का एक हजार साल का इतिहास संजोया है। तीन भाग में छपे इस विशाल उपन्यास में वह बताती हैं कि कैसे उनके पूर्वज एक हजार साल पहले नहटौर आकर बसे।वह इसमें अपने घर उसके आगे की झील, मुहल्ले का जिक्र करती है।नहटौर के बागात के किस्से कहतीं हैं।  

वह कहती हैं कि 1962 की बरसात में मुहल्ला सादात सैदरी नहटौर के वीरान खंडहर, पुश्तैनी मकान  बारिश की झड़ी में धड़ाधड़ गिरते जा रहे थे। दो सौ बरस पुराने बड़े दरबार नहटौर का  दूसरा फाटक गिरा और झील के किनारे खड़ी  बूढ़ी पिलखन बारिश और हवाओं की भेंट चढ़ गई। 

कुरतुलेन कहती हैं कि नहटौर वाले नहटौर को छोटा दिल्ली कहते थे।आइना अकबरी में अल्लामा अबुलफजल फरमाते हैं कि इलाके के जागीरदार युद्ध के समय मुगल फौज के सेनापति को छह सौ अस्सी घुड़सवार और एक हजार चार सौ  पैदल सिपाही देते थे। नहटौर वाले दानिशमंदान−ए नहटौर ( नहटौर के बुद्धिमान) कहलाते थे।

नहटौर से एक मील फासले पर कुर्तुलेन के परिवार की खानदानी जागीर सिंकदरपुर में इनके परिवार का कब्रिस्तान है। इनके परिवारवालों की अधिकतर कब्र इसी कब्रिस्तान में मौजूद हैं।   

उनके नजदीकी रहे नहटौर के पत्रकार एम. असलम  सिद्दीकी कहते हैं कि एनी आपा 

को नहटौर के बहुत लगाव था। जब  उन्हें ज्ञानपीठ अवार्ड दिया गया  तो   दूरदर्शन  ने  उनका इंटरव्यू करना  चाहा। इन्टरव्यू के लिए एनी आपा की शर्त थी कि इन्टरव्यू नहटौर में होगा।मजबूरन दूरदर्शन की टीम नहटौर आई और उनका इंटरव्यू किया।  एम. असलम कहते हैं कि इन्टरव्यू लेने वाली टीम झुंझलाती थी कि ये बारीक सी नदी ( गांगन )में क्या खोजती हैं। कभी गांगन के किनारे इंटरव्यू कराती हैं तो कभी गांगन में झांकते हुए। कभी अपने पुश्तैनी मकान के खंडहर में रिकार्डिंग कराती हैं।कभी खानदानी कब्रिस्तान में ।

एम. असलम बताते हैं कि एनी आपा

की तमन्ना थी कि उन्हें मरने के बाद नहटौर के खानदानी कब्रिस्तान में दफनाया जाए किंतु उनके देखरेख करने वालों ने उनकी  इस ख्वाइश  पर ध्यान नही दिया। उन्हें दिल्ली के जामिया कब्रिस्तान में दफनाया गया।

एम .असलम कहते हैं कि  एनी आपा ने कहा था कि उनकी मौत को खामोश रखा जाए। किसी को न बताया जाए। उनके भाई और भाई का परिवार पाकिस्तान में रहता है,  उसे भी उनकी मौत की जानकारी नही दी गई।

 कुरतुलेन हैदर ने  कारे जहां दराज में मसनवे माडे नामा नामक चैप्टर  में कहा है कि मुहल्ला सादात हैदरी  नहटौर में दरबारे उज्जाम का एक महल खड़ा  है। 1857 में इसमें 12 टोपी वालों ने आजाद सरकार कायम की थी। ..यह बारह टोपी सरकार  12 माह कार्यरत रहीं।इसने इस अवधि में गांव से मालगुजारी वसूली।इस कोठी के मैदान में अदालत लगती। बाहर से केथ के पेड़ तक एक मोटा रस्सा लटका दिया था।बारह टोपी वाले जिसे चाहते  उसे फिंरगी का जासूस बताकर फांसी दे देते।इस बारह टोपी सरकार  का बड़ा आंतक था। उधर  शेरकोट का माड़े खां आ गया।इससे यहां हिंदू −मुस्लिम फसाद हुए।

अंग्रेज फौज के आने की सूचना के समय नवाब महमूद खां के कमांडर माडे खां इस समय 12 टोपी सरकार के मेहमान थे। पिलखनों के नीच फौज के लिए खाना बनाने वाली देग खड़क रहीं थीं।

कुर्तुलेन हैदर कहती हैं कि इस समय आबपाशी के लिए नहर बनने का काम चल रहा था। नहटौर की भी गांगन नदी  से नहर निकाली गई।नहटौर धामपुर मार्ग पर पुल बनाने के लिए  उसका ढांचा  बनाया गया था। ये काम अधूरा था कि गदर शुरू  हो गया। गांगन किनारे पुल बनाने के लिए ईंट का बड़ा ढेर लगा था। माडे खां वह सारी ईंट मुहल्ला सादात उठवा लाया। उसने मुहल्ले के चारों और किलेबंदी की। एक अदद तोप मेन गेट  पर  तैनात कर दी।

कुर्तुलेन हैदर कहती हैं कि जंगे आजादी का जो हुआ सो हुआ किंतु बाकी ईंट कुछ आजादी के मतवालों ने  उठा लीं ।इनसे एक −दो के घर बन गए।

 एनी आपा कहती हैं कि 1767 में गंगा  पार से सिखों ने नहटौर  तक हमला किया। लूटमार की। संभल के अमीर खां लूटमार के  इरादे से फौज के साथ 1805 में नहटौर आया।एक रात और एक दिन नहटौर रूका। यह घटना मुहम्मद खानी और मार खानी गर्दी कहलाई।कस्बे के लोग खून खराबे के डर से इधर −उधर बिखर गए। खेत – खलियान और जंगलों में जा छिपे।अमीर खां के सिपाही जिस समय लूटमार करते मोहल्ला सादात की ओर आ रहे थे,उस समय उनके परिवार के इमाम बक्श  अपनी बीवी और  बच्चों  के साथ मुबारिजुल्लाह खां के मकबरे में जा छिपे। यही रात में इनकी बीवी ने एक लड़के को जन्म दिया।

कारे जहां  दराज है ,में लेखिका कहती है कि हमारी तरफ शिया सुन्नी में ज्यादा भिन्नता  नहीं है। खुद हमारी बिरादरी के नहटौर के कुछ घराने  शियाओं के हैं, इनमें आपस में शादियां  होती हैं।

अशोक मधुप

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं)

[8:42 pm, 19/01/2022] Ashok Ji: परिचय

[8:42 pm, 19/01/2022] Ashok Ji: कुर्अतुल ऐन हैदर का जन्म 20 जनवरी 1927 को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में हुआ था। नहटौर के रहने वाले उनके पिता सज्जाद हैदर यलदरम कुर्अतुल ऐन हैदर के जन्म के समय  अलीगढ़ विश्वविद्यालय में रजिस्ट्रार थे।पिता सज्जाद हैदर यलदरम खुद उर्दू के अच्छे लेखक थे । कुर्अतुल ऐन  की मां नज़र ज़हरा भी उर्दू की लेखिका थी।

 कुर्अतुल ऐन हैदर को लिखने का शौक और कला अपने परिवार से ही मिली। उन्होंने छह साल की उम्र से से  लिखना शुरू किया। उनकी पहली कहानी ‘बी चुहिया’ बच्चों की पत्रिका फूल में छपी । 17-18 साल की उम्र में 1945 में उनका पहला कहानी संकलन ‘शीशे का घर’ छपा।  बचपन में वह कहानियां लिखती थी फिर उपन्यास, लघु उपन्यास, सफरनामें लिखने लगी ।कुर्तुल एन हैदर ने लिखा।  पूरी उम्र  लिखा।जमकर लिखा।निधन की तारीख 21 अगस्त 2007 तक वे लगातार लिखाती रहीं।कुर्अतुल ऐन की प्रारंभिक शिक्षा लालबाग, लखनऊ से हुई। दिल्ली के इंद्रप्रस्थ कॉलेज से भी अपनी शिक्षा हासिल की। पिता की मौत और देश के बंटवारे के बाद कुछ समय के लिए वह अपने भाई मुस्तफा के साथ पाकिस्तान चली गई । पाकिस्तान से  आगे की पढ़ाई के लिए वे लंदन चली गईं। साहित्य लिखने के अलावा वहां  उन्होंने अंग्रेजी में पत्रकारिता भी की। उन्होंने बीबीसी लंदन में काम किया। बाद में वे हिंदुस्तान आ गईं। विज़िटिंग प्रोफेसर के रूप में कैलिफोर्निया, शिकागो और एरीज़ोना विश्वविद्यालय से भी जुड़ी रहीं। काम के सिलसिले में उन्होंने खूब घूमना-फिरना किया। 

कुर्अतुल ऐन हैदर उर्दू में लिखती और अंग्रेज़ी में पत्रकारिता करती । उन्होंने लगभग बारह उपन्यास और ढेरों कहानियां लिखीं। उनकी प्रमुख कहानियां में ‘पतझड़ की आवाज, स्ट्रीट सिंगर ऑफ लखनऊ एंड अदर स्टोरीज, रोशनी की रफ्तार जैसी कहानियां शामिल हैं। उन्होंने हाउसिंग सोसायटी, आग का दरिया (1959), सफ़ीने- ग़मे दिल, आख़िरे- शब के हमसफर, कारे जहां दराज है जैसे उपन्यास भी लिखें।आख़िरे- शब के हमसफर  के लिए इन्हें 1967 में साहित्य अकादमी  और 1989 में ज्ञानपीठ पुरस्कार मिला।  साहित्यिक योगदान के लिए उन्हें  1984 में पद्मश्री और  1989 में उन्हें पद्मभूषण से पुरस्कृत किया गया। कारे जहां दराज है,तीन भाग में उनके अपने परिवार का एक हजार साल का इतिहास है।

अशोक मधुप

(लेखक  वरिष्ठ पत्रकार हैं)

20 जनवरी के चिंंगारी में प्रकाशित

Saturday, January 8, 2022

नये साल पर दोहे एक मुक्तक

 लो ये भी बीता सखे,चलो पुराना साल।

जो बीता अब क्या करें,उसपर सोच मलाल।

: नया साल जब आएगा , देखेंगे उस ठौर।
अभी अभी है तो सखे, इसी साल का दौर।

-चलो विदा देते तुम्हें!,रही साल भर जंग।
खट्टी मीठी याद तो,सदा रहेंगी संग।
-तुमने तो सपने किए,कईं मेरे साकार।
नफरत तो कम ही मिली, बहुत मिला पर प्यार।
– कई विदा हमसे हुए, कई जुड़े हैं संग।
नफरत पर जीती सदा,प्रेम- प्यार की जंग।

– नया साल शुभ हो शुभे, शुभ हों सारे काम।
खूब तुम्हे ख्याति मिले, जग में होवे नाम।

-: अभी चुनौती हैं नयी, नए साल के साथ।
सतत सफर चलता रहे,कृपा करें रघुनाथ ।

रोते हंसते कट गया,जीवन का ये दौर।
नया साल लाये सखे, खुशहाली की भोर।

 

मुक्तक

जो नहीं मिला उसकी, आस लिए बैठे हैं।
इच्छाओं की पुटलियाॅ, पास लिए बैठे हैं।
मेरे साथ मेरों के भी, हों सपन सभी पूरे,
नए साल! तुझसे नए ,विश्वास लिए बैठे हैं।
अशोक मधुप

 संभलो , रूको , फिर से डराने लगा कोराना

 कोरोना फिर कहर बरपाने लगा है। तेजी से  बढ़ते केस चिंताजनक हैं।लॉकडाउन के डर से मुंबई में बिहार और उत्तर भारत के मजदूर ने पलायन शुरू  दिया है। अन्य जगह भी लोगों के मन में भय है। इतना सब होने पर भी  भीड़ नही रूक रही। बाजार , बस स्टेशन सार्वजनिक जगह पर हालत बहुत  खराब  है।

देश भर में शुक्रवार को  एक लाख 37 हजार 24 केस सामने आए हैं।शुक्रवार को 344 लोगों की मौत हुई है।  महाराष्ट्र में एक बार फिर सबसे ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। राज्य में आज कोरोना के 40,925 नए मरीज मिले हैं। 20 लोगों की मौत हुई है। यहां ओमिक्रॉन के भी मामले बढ़कर 876 हो गए हैं।

दिल्ली में शुक्रवार को  17,335 नए केस सामने आए हैं। मुंबई में लगातार दूसरे दिन 20 हजार केस मिले।मुंबई में आज छह लोगों की मौत हुई है।

−उत्तर प्रदेश में कोरोना के केस तेजी से डबल हो रहे हैं। 24 घंटे में शुक्रवार को राज्य में कोविड के 4,228 नए मामले सामने आए हैं। यह आंकड़े 229 दिन बाद आए हैं। इससे पहले 23 मई को 4715 केस मिले थे। लखनऊ में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में कोरोना फैल गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री शिव प्रताप शुक्ला, महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला समेत 12 लोग पॉजिटिव मिले हैं। इसके बाद आज कुछ नेताओं की होने वाली जॉइनिंग को टाल दिया गया।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और भाजपा सांसद मनोज तिवारी कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं।  इलाहाबाद हाईकोर्ट के चार जज में कोराना मिला है।शुक्रवार को दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में 20 स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। अमृतसर के गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट शुक्रवार को इटली से आई फ्लाइट के  300 में से 190 यात्री संक्रमित पाए गए हैं।ये संख्या बढ़ भी सकती है क्योंकि अभी कई पैंसेंजर की रिपोर्ट आनी शेष  है।गुरूवार को आई फलाईट के 179 यात्रियों में 125 कोरोना पाजिटिव मिले थे।

  दिल्ली, मुंबई जैसे बड़े शहरों में कुछ दिनों के भीतर ही कोविड की जांच रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। कोविड की जांच करने वाली प्रमुख टेस्टिंग लैब का कहना है कि भारत में पिछले सात दिनों में कोविड की जांच में 60 फीसदी तक की तेजी देखी गई है। इतनी जांच पिछले साल कोरोना की दूसरी लहर की पीक के दौरान हुई थीं।डब्लूएचओ के चीफ टेड्रोस गेब्रेयेसस ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए दुनिया को चेताया है कि ओमिक्रॉन की वजह से दुनिया भर में लोगों की जान जा रही है। इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।

ये आ रही सूचनाएं आने वाली हालत की गंभीरता बता रही हैं।

राज्य सरकार  हालात से जुझने के प्रयास कर रही हैं। पर वह मिले धन का सदुपयोग नहीं कर रहीं। केंद्र ने उन्हें संसाधन जुटाने  के लिए,कोरोना से लड़ने के लिए अगस्त में फंड जारी किया।यूपी को इस फंड से 939.94 करोड़ जारी हो चुके हैं ,लेकिन सरकार केवल 87.05 करोड़ यानी 9.26 प्रतिशत ही खर्च कर पाई। इसी प्रकार उत्तराखंड सरकार 6.28 प्रतिशत, राजस्थान 4.80 प्रतिशत, जम्मू-कश्मीर 2.44 प्रतिशत, हिमाचल प्रदेश 9.94 प्रतिशत, महाराष्ट्र 0.32 असम 0.38 प्रतिशत पैसा ही खर्च कर पाए। मिले धन का संसाधान जुटाने में उपयोग किया जा सकता था  किंतु नहीं किया गया।काश  इस राशि का  इन राज्यों ने सदुपयोग किया होता  तो कोरोना से  और ज्यादा प्रभावी लड़ाई  लड़ी जा सकती थी।

अस्पतालों में आक्सीजन युक्त बैड बढाए जा सकते थे। तीसरी लहर सिर पर आ गई है। अब तक शेर मचता था कि अपदासे लड़ने के लिए उनके पास धन नही हैं, दुर्भाग्य कहिए कि अब प्रदेशों के पास धन है पर राज्य उन्हें प्रयोग नही कर रहे। फिर भी अब भी समय है, सब मिलकर हालात समझे और कोरोना से बचाव के नियम का पालन करें।अच्छा यह रहा कि कोराना की दूसरी लहर  में बड़ी संख्या में समाजसेवी संगठन आगे आए।उन्होंने हालात से लड़ने में समाज की बहुत मदद की । दवा, आक्सीजन,बैड और भोजन आदि की व्यवस्था की।  

बढ़ते केस से लगता यह है कि वैक्सीन लगवाने वाले अधिकतर ये समझ चुकें हैं, कि अब हमें कुछ नही होगा। हमें सुरक्षा पालन करने की कोई जरूरत नही है,जबकि वैक्सीन फुलप्रूफ नही हैं। यह कोरोना से लड़ने के लिए शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता ही मजबूत करता है। ऐसे हालात में हमें आत्मनियंत्रण करना होगा। देखने में आया है कि हम भारतीय स्वतः अनुशासन का पालन नही करते।  हम सख्ती के आदि हो गए हैं।  हालात को नियंत्रित करना है तो कोरोना प्रोटोकाल का पालन न करने वालों पर सरकार  को सख्ती करनी होगी।

बिगड़ती हालत देखते हुए कई  जगह पर स्कूल काँलेज बंद कर दिए गए हैं। दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू  लागू कर दिया गया है। किंतु देहात में कोरोना के बचाव के लिए ज्यादा तैयारी नहीं की गईं। यहां आंगनबाड़ी, आशा  और एएनएम से काम लेने  का प्रयास हो रहा है किंतु दूसरे फेज में ये सारी व्यवस्था भंग हो गई थी। उस समय गांव के  नीम हकीम काम आए।  इनके चिकित्सा करने पर सर्वोच्च न्यायालय ने रोक लगाई हुई है। इसके बावजूद ये स्वास्थ्य विभाग की कृपा पर धड़ल्ले से कार्यरत हैं।कोरोना के प्रथम पेज में एक झोला छाप के द्वारा कई व्यक्तियों को कोरोना देने के बाद डीएम बिजनौर ने कार्रवार्ई की तो अकेली चांदपुर तहसील में दो सौ के आसपास ये कार्यरत मिले। कुछ ऐसे भी थे जो छापे पड़ते ही दुकान बंद कर भाग गए।  कानून से हमें इन्हें नही बंद कर सकते। स्वास्थय विभाग का हमने कमाई का एक साधन और सौंप दिया। आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता ट्रेंड नहीं है। हम  उनसे काम ले सकते है तो इन अपजींकृत देहाती चिकित्सा कर्मी को कुछ समय की ट्रेंनिग देकर इस लड़ाई में क्यों नही इस्तमाल करते।  समाजसेवी संगठन का अभी से आगे लाने उन्हें प्रेरित करने की जरूरत है।

 

अशोक मधुप