Monday, May 25, 2020

गोपाल शर्मा और श्रीलंका

 
 
गोपाल शर्मा और श्रीलंका
2014 में आईएफडब्लूजे का एक प्रतिनिधिमंडल श्रीलंका गया। उसमें मैं भी था। श्री लंका दूरदर्शन की और से हमारे सम्मान में भोज का आयोजन था।वहां के पदाधिकारियों से भारतीय पत्रकारों का परिचय हुआ। मैने अपना परिचय देते हुए कहा कि मैं रेडियो सिलोन के पूर्व उद्घोषक गोपाल शर्मा की भूमि बिजनौर जनपद से हूं।
स्वागत कार्यक्रम के बाद दूरदर्शन भवन घूमकर हम भोजन कर रहे थे। एक छरहरे बदन की सांवली महिला ने आकर पूछा कि गोपाल शर्मा के यहां से कौन हैं? मैँ चौंका । मैने बताया कि मैँ हूं। उसने अपना नाम सुभाषिनी डी सेलवा बताया। कहा कि वह रेडियो सिलोन में लाइब्रेरियन है।गोपाल शर्मा पर रिसर्च कर रही है। उसने अपने पर्स से गोपाल शर्मा कर बायोग्राफी आवाज की दुनिया के दोस्तों निकालकर दिखाई।
वह हिंदी बहुत बढ़िया और शुद्ध बोल रहीं थी। मैने पूछा – इतनी बढ़िया हिंदी कहां से सीखी। बोली – लखनऊ में रहकर पढ़ी है। इसके बाद बहुत बातचीत हुई। टूर में वह हमारे साथ रहीं। हमें कई जगह गाइड भी किया। सुभा‌षिनी ने एक दिन रेडियो सिलोन के लिए मेरा इंटरव्यू लेने की इच्छा जताई। कहा – अंग्रेजी में बोल पाओगे । मैने कहा क्यों नहीं।
उसने मेरा इंटरव्यू रिकार्ड करते पूछा -रेडियो स‌िलोन के बारे में क्या कहेंगे।मैने कहा कि किशोरावस्था से जवानी तक हमारे समय मनोरंजन के लिए रेडियो सिलोन सुना जाता था।खबरों के लिए बीबीसी लंदन। मेरी पीढ़ी तो रेडियो सिलोन सुनती हुई ही जवान हुई है।
अशोक मधुप