Sunday, November 27, 2016

मीरा की कढ़ाई


कौन जिम्मेदार है , मै नहीं जानता। किंतु आज हम हिंदू और मुुसलमान में बंट गए हैँ। छोटी-  छोटी बात पर लड़ाई झगड़े पर उतर आते हैं।
जबकि हिंदुओं में  आज भी ऐसा नहीं है। हमारे कई कार्य  मुस्लिम  धर्म गुरू  के बिना संभव नहीं ।  हाल में छोटे बेटे की शादी थी। शादी के बाद दुल्हन के हाथ से मीरा की कढ़ाई  होती है। इसका नाम मीरा की कढ़ाई क्यों पड़ा , मैं ये नहीं जानता। किसी साथी को पता हो तो बताने का कष्ट करें।
मीरा की कढाई में गुरूवार के दिन दुल्हन कढ़ाई में मीठे पूड़े बनाती है। मुस्लिम धर्म गुरू  कढ़ाई  कराते हैं। उन्हें सम्मान के साथ बुलाया जाता है। कढ़ाई में एक बार में जितने पूड़े उतरतें हैं। उनको किसी बर्तन में लेकर दुल्हन हाथ जोड़कर उनके सामने बैठ जाती है। मुसलिम धर्म  गुरू दुआ की स्थ‌ित‌ि दोनों हथेली मिलाकर कुछ पढ़ते हैं। हो सकता है। कलमा पढ़ते हो। या दुआ करते हों। उसे पढ़ने केबाद वे दुल्हन के सिर पर फूंक मारते हैं।
  इसके बाद मुसलिम विद्वान पूड़े ले लेतें हैं। श्रद्धानुसार उन्हें दक्षिणा  ( धन ) भी दिया जाता है।
मुसलिम  धर्म गुरू क्या पढ़तें  हैं मै नहीं जानता। किंतु यह ‌  सिलसिला चलता चला आ रहा है।
मीरा की कढ़ाई  बड़े बेटे की शादी में भी मेरे घर के सामने रहने वाले एक सज्जन ने कराई थी। इस बार  दूसरों    ने कराई  है।
क्या कोई  बतायगा कि मुसलिम धर्म गुरू क्या पढ़तें हैं। इसका मीरा से क्या संबंध  है। इस क्रिया का नाम मीरा की कढ़ाई क्यों पड़ा। इसकी क्या मान्यता है।

Sunday, July 17, 2016

कुछ मन की


कुछ मन की
जीवन के साठ सौपान कब चढ़े गए पता ही नहीं चला। आज लगा कि जीवन की सांध्य बेला की और   खिसकाव शुरू हो गया। पारिवा‌रिक जिम्मेदारी पूरी होने को हैं।फिर भी  बहुत से काम बकाया हैं। कई कार्य  बाकी है। कई व्यक्तिगत  कार्य  के लिए समय हीं नही मिल रहा। कब मिलेेगा , कहा नहीं जा सकता।
अखबार नवीसी में आकर मेरा साहित्यकार जाने कहां खो गया। कवि जाने कहां चला गया। इस दौरान किसी का  शेर  बार बार दुहराता रहा-
अब तो ये भी भूल गया हूूूूं खुद को किस दिन भूला था,
 आप मुझे मुझसे मिलवा दें, बस इतना अहसान करें।
कुछ दोस्तों ,अग्रजों ,गुरूजनों ने कोशिश की । भटकाव के बाद सही रास्ता फिर दीखने लगा । कोशिश फिर शुरू कर दी। आगाज तो अच्छा है। अंजाम क्या होगा, यह समय बताएगा।
शुभकामनाओं के लिए हा‌र्दिक आभार।
अशोक मधुप

Monday, July 11, 2016

मत बनाओ ऐसे चित्र

लगभग  चार दशक बाद फिर कुछ लिखने का मन हुआ।
कैसा लिखा ये आप बताएंगे

मत बनाओ ऐसे चित्र

मत बनाओ ऐसे चित्र ,पेंटिग ,
अट्टालिकांएऔर भवन, 
जिन्हे देख देखकर लोग दांतों तले उंगली दबाए,
प्रशंसां करें। उपहार दें।
इसके बाद कटवा  दें  तुम्हारे  हाथ।
ताकि दुबारा न बना सको तुम ,नया ताजमहल 
 किसी राजा के प्यार की यादगार में ।
बनाओ, तो बनाओ ऐसे झोंपड़े,
जिसमें रहकर बरसाती पानी गर्मी सर्दी से बचा जाए।
आम आदमी आसानी से गुजारे अपना कष्ट प्रद जीवन।
- बनाओ तो बनाओ ऐसे  चित्र 
जिसमें किसी राजा के प्यार की याद नहीं,
आम आदमी के सपने हों,
नई  आशांए हो,
 कठोर जीवन पथ पर चलने का विश्वास हो।
-कहानी लिखो तो ऐसी 
जिसमें विदेश में जा बसे बेटे को 
गांव में रहने वाली उसमी मां की याद आ जाए।
याद आ जाए कि उसकी मां 
डयोढ़ी पर बैठी उसका इंतजार कर रही होगी।
-कविता लिखों तो  ऐसी कि विदेश में बैठे बेटे को 
याद आ जाए कि दरवाजे पर बैठकर आज भी उसकी मां 
उस रास्ते का निहारती रहती है, 
जिससे उसका बेटा
 अपने सपने और भविष्य सवारनें 
 के लिए गया था सात समुन्दर पार,
 और मां जाने कैसे रोक पाई थी अपने आंसू।
-करो तो कुछ ऐसा कि लोग अपने गम भूल कर दो पल मुसकरांए।
गाए, नाचे।खुशी मनांए
-अशोक मधुप

Monday, May 30, 2016

बात बिजनौर की पत्रकारिता की

तीस मई हिंदी पत्रकारिता दिवस पर

जिले के पत्रकारों ने जुल्म सहे , पर नहीं टेके घुटने
बिजनौर जनपद के पत्रकारों का भी बहुत बलिदानी इतिहास रहा है।इन्हें जेल में बंद किया गया हो या गोलीमारी गई हो किंतु जुल्म के आगे इन्होंने घुटने नहीं टेके।सच्चाई के रास्ते से मुंह नहीं मोड़ा। अपनी कलम की ताकत से समझौता नही किया।
आजादी की लड़ाई में जनपद के समाचार पत्र मदीना का क्रांतिकारी इतिहास रहा है। मौलवी मजीद हसन ने 1912 में मदीना त्रिदिवसीय की स्थापना की। स्थापना के बाद से ही यह अंग्रेजों की आंख का कांटा बना। मदीना का प्रत्येक संपादक जेल गया। मदीना प्रबधन संपादक के जेल रहने के दौरान उनका पूरा वेतन तो देता ही था, इस दौरान संपादक के परिवार का पूरा खर्च उठाता था।
साप्ताहिक रहे चिंगारी में सीएमओ के खिलाफ समाचार छापने पर संपादक मुनीश्वरानंद त्यागी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट तक मुकदमा चला। सुप्रीम कोर्ट की बैंच के माफी मांगने का सुझाव देने पर भी त्यागी जी ने माफी नही मांगी और एक साल की जेल काटना मंजूर किया।
पर्सनाल्टी अंग्रेजी साप्ताहिक के संपादक स्वामी सच्चिदानंद को समाज विरोध तत्वों के विरूद्घ लिखने, प्रशासन के भ्रष्टाचार का भंडाफोड़ करने के कारण उनके खारी स्थित आश्रम में पांच अप्रैल 1971 को गोली मारकर हत्या कर दी गई। भूखा मानव क्या करेगा नामक संपादकीय लिखने पर बिजनौर टाइम्स के संपादक बाबू सिंह चौहान को मीसा के अंतर्गत जेल जाना पड़ा।
नांगल सोती में पुलिस के विरूद्घ चल रहे आंदोलन की खबरें छापने पर वहां के पत्रकारों से पुलिस नाराज हो गई। थाने पर दो जून 1985 को हुए प्रदर्शन और लाठी चार्ज में पत्रकार उमाकांत और अमर उजाला के तत्कालीन संवाददाता मुकेश सिंहा के विरूद्घ मुकदमें दर्ज हुए। कई साल तक इन्हें कोर्ट कहचरी के चक्कर लगाने पड़े। पुलिस के खिलाफ लिखने पर नजीबाबाद के पत्रकार जितेंद्र जैन को पुलिस ने 20 दिसंबर 1989 को गिरफ्तार ही नहीं किया बल्कि थाने में बुरी तरह मारा गया। किवाड़ की चौखट में देकर हाथों की उंगलियां कुचली गईं। प्लास से उंगलियों के नाखून खींच लिए गए। जनपद के पत्रकारों के आंदोलन के आगे पुलिस को नतमस्तक होना पड़ा और उनकी बिना शर्त रिहाई हुई ।
पुलिस और लाटरी माफियाओं के गठजोड़ के खिलाफ लिखने का खामियाजा नगीना के पत्रकार प्रदीप जैन का भुगतना पड़ा। 1995 में पुलिस ने उन्हें तमंचे के साथ पकड़ा दिखाया और सरेआम पिटाई करते नगर में जुलूस निकाला। यह प्रकरण समाप्त हुआ और पत्रकार एकता के आगे पुलिस को नगीना के सीओ और थानाध्यक्ष को भी हटाना पड़ा। धामपुर के पत्रकार सुशील अग्रवाल को भी राजनैतिक और पुलिस उत्पीड़न का शिकार होना पड़ा।
जिले के इस वरिष्ठ पत्रकार अशोक मधुप के विरूद्घ दो बार एनएसए लगाने का प्रशासन ने प्रयास किया किंतु पत्रकारों एंव सामाजिक संगठनों के दबाव के कारण वह कामयाब न हो सका।स्वर्ण मंदिर आपरेशन के तुरंत बाद कोड़िया छावनी से नौ सिख सैनिक भाग गए।इनके भागने का समाचार छापने पर अमर उजाला बरेली और इस पत्रकार अशोक मधुप के विरूद्घ सेना में विद्रोह फैलाने का कोटद्वार पुलिस में मुकदमा दर्ज हुआ। बांद में जांच में समाचार सही पाए जाने पर पुलिस ने मामले को खारिज कर दिया।
समय -समय पर अनेक पत्रकार उत्पीड़न के मामले सामने आए किंतु पत्रकार एकता के आगे सभी को मुहकी खानी पड़ी।
-अशोक मधुप

Wednesday, February 17, 2016

सूरते हाल बरेली पासपोर्ट कार्यालय


पासपोर्ट का नवीनीकरण कराना था। सो आज  बरेली पासपोर्ट   कार्यालय जाना  हुआ। पीली भींत बाई पास रोड पर बने इस कार्यालय को पहले तो खोजने में ही परेशानी हुई। कही कोई  बोर्ड नहीं लगा। कार्यालय के सामने से ही दो बार निकल गए। बड़ी पूछ ताछ के बाद कार्यालय हाथ लगा।
पूछ ताछ के दौरान एक ने कहा था कि जहां भीड़ ज्यादा नजर आए , वहीं पासपोर्ट  कार्यालय है। बहुत देर से गाड़ी  में सफर कर रहे थे। सो पहुंचतें ही पहला काम टायलेट की खोज से शुरू किया। आफिस के सिक्युरिटी स्टॉफ  ने कहा कि यहां कोई  व्यवस्था नही हैं। कहीं भी  खुले में करलें। बड़ा आश्चर्य  हुआ कि जहां तेरह जिलों के निवासी पासपोर्ट  बनवाने आतें हैं, वहां कोई  रेस्ट रूम नहीं है। एक ठेले वाले से पूछा तो उसने कहा कि बहुत सारे प्लाट खाली हैं ,कहीं भी कर लें। पास में एक अस्पताल था ।उसमें जाकर काम चलाया। सोचता हूं कि पुरूष  तो खुले में जा सकतें है किंतु यहां आने वाली महिलाओं पर क्या बीतती होगी। क्या जरूरत पर वे भी खुले में जाती होंगी। या वह भी हमारी तरह  आसपास की किसी दुकान या अस्पताल के रेस्ट रूम को प्रयोग करती होंगी।
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी खुले में शौच का विरोध करते हैं। उनकी केंद्र  सरकार  के एक  महत्वपूर्ण  पासपोर्ट कार्यालय की क्या हालत है। इससे सरकारी कार्यालयों की ‌स्थ‌िति पर विचार किया जा सकता है।
एक अनुमान के अनुसार प्रतिदिन  एक हजार व्यक्ति यहां आते होंगे। महिलाओं के साथ तो उनके परिवार जन भी आतें है। निर्धारित समय में अंदर प्रवेश दिया जाता है। अंदर बैठने के लिए सीट का प्रबंध है किंतु   बाहर बैठने की कोई व्यवस्था नहीं। मेरी तरह कोई  190 किलो मीटर का सफर कर बिजनौर से आता है। तो इटावा कासगंज फिरोजाबाद से तो आने वाले और ज्यादा दूरी से आतें हैं। सब निर्धारति समय से  एक दो घंटा  पहले आते हैं। प्रयास होता है कि जल्दी पहुंच जाए। यहां इनके बैठने के लिए कोई व्यवस्था नहीं । चाहे महिला हों या  सीनियर सिटीजन यां व‌िकलांग। 
मेरी साथी  नरेंद्र् मारवाड़ी ने यहां एक पासपोर्ट   अधिकारी को पकड़ मेरी समस्या बताई। कहां इन्हें जल्दी- जल्दी लघुशंका  जाना पड़ता है। उन्होंने मेरी मदद की । मै लगभग आधे घंटे में फ्री हो गया। अंदर रो रहे एक बच्चे की मां को भी उन्होंने आगे बुलाकर उनके आवेदन की प्रक्र‌िया पूरी कराई । पर ऐसा सबके साथ तो नहीं होता। मैने एक बुजुर्ग  सरदार जी को काफी समय  लाइन में लगे देखा।
मजेदार बात यह भी है कि बाार से आने वालों के वाहन के पा‌‌‌र्क‌िंग की कोई व्यवस्था  नहीं। ये वाहन सब सड़क के किनारे दूसरे प्रतिष्ठानों के आगे खड़े रहतें हैं।