![]() |
23 अप्रैल 2021 में अमर उजाला में प्रकाशित मेरा लेख |
डॉ. सत्यप्रकाश (स्वामी सत्यप्रकाश सरस्वती)
(1905-1995)
आपका अध्ययन इलाहाबाद विश्वविद्यालय में हुआ। आपने रसायन शास्त्र विभाग से Physico chemical studies of inorganic jellies विषय पर डी.एससी. की उपाधि 1932ई.में प्राप्त की। 1930 ई. से ही रसायन शास्त्र विभाग में अध्यापन आरम्भ किया। 1962 ई. में विभागाध्यक्ष तथा 1967 ई. में सेवानिवृत्त हुये। आपके निर्देशन में 22 विद्यार्थियों ने डी.फिल. की उपाधि प्राप्त की।आपके 150से अधिक शोध पत्र प्रकाशित हुये। वैज्ञानिक विकास की भारतीय परम्परा, Founder of Sciences in Ancient India, A Critical study of Brahmagupta and his works, The Bakhshali manuscript( भारतीय अंकगणित की उपलब्ध प्राचीनतम पाण्डुलिपि का गणितीय प्रक्रियाओं के साथ सम्पादन) Coins in Ancient India (मुद्राशास्त्र पर लिखा गया शोधपूर्ण ग्रन्थ) Advance Chemistry of Rare element, रासायनिक शिल्प की एकक संक्रियाएं सी एस आई आर से प्रकाशित "भारत की सम्पदा" (Wealth of India- 22vol. ) के प्रमुख सम्पादक आदि उनके कुछ प्रमुख ग्रन्थ है। जितने विविध विषयों पर स्वामी सत्यप्रकाश जी का लेखन है शायद ही विश्व के किसी व्यक्ति ने इतना लिखा हो। वेद, शुल्बसूत्र, ब्राह्मण ग्रन्थ, उपनिषद्, रसायन विज्ञान,भौतिक विज्ञान, अग्निहोत्र, अध्यात्म, धर्म, दर्शन, योग, आर्यसमाज, स्वामी दयानन्द, नवजागरण आदि विविध विषयों पर सैकड़ों ग्रन्थ और लेख स्वामी सत्यप्रकाश जी द्वारा लिखे गये। चारों वेदों का अंग्रेजी में अनुवाद(23खण्डों में), शुल्बसूत्रों का सम्पादन, The critical study of philosophy of Dayanand और मानक हिन्दी अंग्रेजी कोश का सम्पादन उनके द्वारा किये गये उल्लेखनीय कार्य हैं। आप 1942ई. में स्वतन्त्रता आन्दोलन में जेल भी गये। स्वदेशी नमक आन्दोलन के समय जब अंग्रेजों ने भारतीय नमक खाने के योग्य नहीं है कहा तब नेहरूजी के कहने पर शोध कर लीडर अखबार में चार शोध पूर्ण लेख लिख कर दुनियाभर के वैज्ञानिकों की बोलती बन्द कर दी। शतपथ ब्राह्मण पर आपके द्वारा 700पृष्ठों में भूमिका लिखी गई जो ग्रन्थ को समग्रता से समझने में बहुत सहायक है। आपने 21बार से अधिक विभिन्न देशों की यात्रायें की।विज्ञान परिषद प्रयाग से हिन्दी मासिक विज्ञान पत्रिका का सम्पादन १०वर्षों तक किया। विश्वविद्यालय में रहते हुये डॉ. सत्यप्रकाश का लेखन मुख्यत: विज्ञान के क्षेत्र में रहा और संन्यास के बाद का लेखन वैदिक साहित्य आर्य समाज और स्वामी दयानन्द विषयक। स्वामी सत्यप्रकाश जी वैज्ञानिक विचारक चिन्तक संन्यासी थे। वे अपने विचारों को लेखों और भाषणों के माध्यम से व्यक्त भी करते थे। उनके विचार कई बार भिन्नता लिये होते और असहमति का कारण बन जाते परन्तु उस विषय में उनका चिन्तन जारी रहता था। स्वामी जी की शताधिक रेडियो वार्तायें तथा पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित लेख हैं जिनका संकलन और प्रकाशन अभी शेष है।स्वामी सत्यप्रकाश जी द्वारा अंग्रेजी में लिखे ग्रन्थों का हिन्दी में अनुवाद भी हिन्दी भाषी पाठकों के लिये अत्यन्त उपयोगी होगा। आपका निर्वाण 18जनवरी 1995 ई. में अपने *प्रिय शिष्य पं. दीनानाथ शास्त्री जी के आवास में अमेठी में हुआ। अन्त्येष्टि आर्य समाज विमान पुरी एच ए एल कोरवा अमेठी के प्रांगण में हुई।